होली का त्यौहार शांति, सद्भाव और भाईचारे के साथ मनाये
Celebrate Holi festival with peace, harmony and brotherhood - Collector Dr. Sharma
होली का त्यौहार शांति, सद्भाव और भाईचारे के साथ मनाये -कलेक्टर डॉ.शर्मा
शांति समिति की बैठक संपन्न
छिन्दवाडा - कलेक्टर डॉ.श्रीनिवास शर्मा ने कहा है कि जिले में 9 एवं 10 मार्च को होली का त्यौहार शांति, सद्भाव और आपसी भाईचारे के साथ मनायें । कलेक्टर डॉ.शर्मा ने यह बात आज कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में जिला शांति समिति की बैठक में कही । जिला प्रशासन द्वारा सभी जिलेवासियों से अपील की गई कि होली के त्यौहार पर मुख्य सड़कों पर और विद्युत तारों के नीचे होली नहीं जलाये, हरे-भरे वृक्षों की कटाई नहीं करें, किसी भी व्यक्ति के साथ उसकी इच्छा के विरूध्द रंग, तेल, वार्निश आदि नहीं लगायें और प्राकृतिक रंगो से सुरक्षित होली खेलें । बैठक में पुलिस अधीक्षक विवेक अग्रवाल, अतिरिक्त कलेक्टर राजेश शाही, एस.डी.एम. अतुल सिंह, सी.एस.पी. अशोक तिवारी, डी.एस.पी.यातायात सुदेश कुमार सिंह, सांसद प्रतिनिधि जे.पी.सिंह, शांति समिति के सदस्यगण और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे ।
कलेक्टर डॉ.शर्मा ने कहा कि 9 मार्च को निर्धारित मुहुर्त के अनुसार होलिका दहन किया जाये और रात्रि 12 बजे के पहले तक होलिका दहन में सभी सहयोग प्रदान करें । उन्होंने प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी होली और धुरेडी का त्यौहार पर आवश्यक कार्यवाहियां एवं कानून व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिये । उन्होंने निर्देश दिये कि होली के त्यौहार पर जबरन चंदा वसूली करने वालों, अवैध शराब बेचने वालों और शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरूध्द कार्यवाही करें । विद्यार्थियों की परीक्षाओं को देखते हुये ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग अत्यंत धीमी आवाज में केवल रात्रि 10 बजे तक ही राजस्व अनुविभागीय अधिकारी से नियमानुसार अनुमति लेकर ही करें । होली में डी.जे. का प्रयोग प्रतिबंध रहेगा । होलिका दहन चिन्हित स्थानों पर ही करें और इसके लिये 5 मार्च को कंट्रोल रूम में बैठक लेकर होलिका दहन समितियों के आयोजकों को समझाईश दें । उन्होंने निर्देश दिये कि केमिकल वाले रंगों का उपयोग न हो यह सुनिश्चित करें और इस संबंध में पहले से ही दुकानों की जांच कर दुकानदारों को केमिकल वाले रंग विक्रय नहीं करने की समझाईश दें । उन्होंने होली के दिन अतिरिक्त जलापूर्ति एवं फायर ब्रिगेड की व्यवस्था करने के निर्देश नगर पालिक निगम के अधिकारी एवं चिन्हित स्थानों पोला ग्राउंड, जनपद पंचायत का मैदान और खजरी चौक पर जलाऊ लकड़ी की व्यवस्था करने के निर्देश वन विभाग के अधिकारी को दिये ।
बैठक में बताया गया कि 9 मार्च की रात्रि में होलिका दहन, 10 मार्च को धुरेडी और 14 मार्च को रंग पंचमी का पर्व मनाया जायेगा । इस दौरान 8 मार्च को हरामखाऊ टाईम्स, 10 मार्च को कवि सम्मेलन और 14 मार्च को आ बैल मुझे मार के आयोजन होंगे । इन आयोजनों के लिये वाहन पार्किंग, यातायात, कानून और पुलिस व्यवस्था करने की अपेक्षा की गई जिस पर कलेक्टर डॉ.शर्मा द्वारा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गये। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री अग्रवाल ने होली का पर्व परम्परागत ढंग से अच्छे वातावरण में मनाने, नशा करके गाड़ी नहीं चलाने, रात्रि 10 बजे के बाद ध्वनिविस्तारक यंत्रों का उपयोग नहीं करने आदि की अपील की तथा अपना परिचय देते हुये शांति समिति के सभी सदस्यों से परिचय प्राप्त किया । बैठक में शांति समिति के सदस्यों ने भी विभिन्न सुझाव दिये ।



Comments (0)
Facebook Comments