कमलनाथ की शह पर कांग्रेस पार्षद पति छिंदवाड़ा की जनता को कर रहे अपमानित : विजय पांडे

Congress councilor husband is humiliating the people of Chhindwara on the instigation of Kamal Nath: Vijay Pandey

कमलनाथ की शह पर कांग्रेस पार्षद पति छिंदवाड़ा की जनता को कर रहे अपमानित : विजय पांडे
रिपोर्ट। एडिटर। दीपक कोल्हे

कमलनाथ की शह पर कांग्रेस पार्षद पति छिंदवाड़ा की जनता को कर रहे अपमानित : विजय पांडे

  • वायरल वीडियो में अपशब्दों और अभद्र भाषा को कमलनाथ का मौन समर्थन  : विजय पांडे

छिंदवाड़ा। किसी को कांग्रेस की सत्ता के दंभ की एक बानगी देखनी है तो इन दिनों वायरल हो रहे छिन्दवाड़ा नगर निगम सभापति के पति का सोशल मीडिया पर वायरल होते वीडियो देख लें। निगम पार्षद और विद्युत विभाग की सभापति श्रद्धा बबला पटेल के पति बबला पटेल जो खुद ही पत्नी के जगह खुलेआम पार्षद और सभापति की भूमिका निभाते हैं और पिछले 11 महीनों से वही हर जगह अपनी पार्षद पत्नी का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। इनके वायरल वीडियो ने दिखा दिया है कि अगर सत्ता में कांग्रेस के लोग होते हैं तो इनका ये नशा और घमंड किस हद तक बढ़ जाता है। वायरल वीडियो में किसी जमीन को लेकर पार्षद पति बबला पटेल किसी व्यक्ति को अपशब्द कह रहे हैं और उनके मुंह से अभद्र गालियां इस तरह से झड़ रही है जैसे वो सदा ही इनकी जुबान पर चढ़ी रहती हों। इतना ही नहीं वायरल वीडियो में सभापति के पति खुद को पार्षद बता रहे हैं और कह रहे हैं कि यहां के बारे में मैं डिसाइड करूंगा क्योंकि यहां का पार्षद हूं मै! श्री पांडे ने बताया कि "पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ जी की नजरों में छिंदवाड़ा की जनता का क्या स्थान है जो इस वीडियो में दिखाई एवं सुनाई दे रहा है, छिंदवाड़ा के लोगों को अपना परिवार कहने वाले कमलनाथ जी छिंदवाड़ा की जनता को अपने खास लोगों से इस तरह से अपमानित करवा रहे है ।

वायरल होते वीडियो के शब्द सभी को विचलित कर सकते है परंतु छिंदवाड़ा की जनता के सामने इस सच्चाई को लाना भी जरूरी है कि कमलनाथ जी के खास नेता, नगर निगम में  कमलनाथ जी के नवरत्नों में से एक रत्न जनता के साथ किस तरह का व्यवहार कर रहे है। श्री पांडे ने कहा कि अब ये कौन से नियम में लिखा है कि पत्नी जनप्रतिनिधि हो तो पति आटोमेटिक उसके प्रतिनिधि हो जाते हैं । वायरल वीडियो को देखने के बाद विचार करने वाली बात ये है कि शहरी क्षेत्र में कांग्रेस के इन नेताओं का दंभ, एटीट्यूड और रंग ये हैं तो ग्रामीण इलाकों में ये क्या करते होंगे, किस हद तक लोगों को प्रताड़ित करते होंगे?

नगर निगम नेता प्रतिपक्ष विजय पांडे ने पूछा है कि इस तरह के अपशब्द और अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए स्वयं को पार्षद बताने पर या फिर अपने पद या सत्ता के दम पर लोगों को धमकाने, प्रताड़ित करने का ये वायरल वीडियो छिन्दवाड़ा के साथ पूरे प्रदेश में देख रहा है और प्रदेश की जनता यह भी देख रही है कि कांग्रेस नेता की अभद्रता पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता चुप क्यों हैं ?
श्री पांडे ने कहा कि छिंदवाड़ा कांग्रेस के सभी नेता अपने आप को विधायक कमलनाथ और सांसद नकुल नाथ के सिपाही कहते हैं, अब आप अंदाजा लगा लीजिए कि सिपाही के जब ये हाल हैं तो शीर्ष नेतृत्व से क्या उम्मीद की जाए?

नगर निगम नेता प्रतिपक्ष विजय पांडे ने कहा कि असल मे कांग्रेस का यही असली चेहरा है । यही रंग 2018 में कांग्रेस सरकार के दौरान में छिंदवाड़ा में कांग्रेस नेताओं का था, क्योंकि सत्ता आते ही इनके आलाकमान इन्हें गुंडागर्दी की खुली छूट दे देते हैं। उस समय इन्हे लगने लगता है कि 'सैंया भए कोतवाल तो डर काहे का' अभी कांग्रेस को निगम मे आए जुम्मा जुम्मा 11 माह हुए हैं तब पार्षद पति के ये तेवर हैं, ऐसे मे कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और जनप्रतिनिधियों से क्या उम्मीद रखी जाये? आगे क्या करना है छिंदवाड़ा और प्रदेश की जनता खुद समझदार है।