नगरीय निकायों और त्रि-स्तरीय पंचायतों की प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित
Draft voter list of urban bodies and three-tier panchayats published
नगरीय निकायों और त्रि-स्तरीय पंचायतों की प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित
- दावे और आपत्तियाँ 15 फरवरी तक
भोपाल। नगरीय निकायों और त्रि-स्तरीय पंचायतों की प्रारूप मतदाता सूची जनवरी 2021 की स्थिति में निर्धारित केन्द्रों तक 8 फरवरी 2021 को प्रकाशित कर दी गई हैं।
प्रारूप मतदाता सूची पर दावे आपत्तियाँ प्राप्त किये जाने की कार्यवही 15 फरवरी तक की जाएगी। दावे आपत्तियाँ प्राप्त किये जाने के लिए प्राधिकृत कर्मचारी नगरीय निकायों में वार्ड-वार और पंचायत में संबंधित सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय, संबंधित जनपद पंचायत कार्यालय और संबंधित ग्राम पंचायत कार्यालय में उपलब्ध हैं।
मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और अपना नाम अवलोकन के लिए प्राधिकृत कर्मचारी (बी.एल.ओ.) से सम्पर्क किया जा सकता है। ऐसे व्यक्ति जो जनवरी 2021 को 18 वर्ष के हो गये हैं, वे केन्द्र पर जाकर निर्धारित फार्म भरकर जमा करा दें। पिछली बार जो लोग अपना नाम नहीं जुड़वा पाये वे भी आवेदन कर सकते हैं। नाम एवं पता आदि में संशोधन भी करा सकते हैं।
- जिले के नगरीय निकाय के वार्डो और ग्राम पंचायत एवं अन्य विहित स्थानों पर फोटोयुक्त प्रारूप मतदाता सूची का आज किया गया सार्वजनिक प्रकाशन जिले के सभी मतदान केन्द्रों में दावे और आपत्ति प्राप्त करने का कार्य शुरू
छिन्दवाड़ा। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (स्थानीय निर्वाचन) सौरभ कुमार सुमन के मार्गनिर्देशन में जिले में नगरीय निकाय और त्रि-स्तरीय पंचायतों की फोटोयुक्त मतदाता सूची के सतत् पुनरीक्षण 2021 के कार्य के अंतर्गत आज रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा जिले के 17 नगरीय निकायों के 576 मतदान केन्द्रों और 806 ग्राम पंचायतों में फोटोयुक्त प्रारूप मतदाता सूची का सार्वजनिक प्रकाशन किया गया। फोटोयुक्त प्रारूप मतदाता सूची के सार्वजनिक प्रकाशन के साथ ही जिले के सभी मतदान केन्द्रों और ग्राम पंचायतों में दावे और आपत्ति प्राप्त करने का कार्य शुरू हो गया है जो आगामी 15 फरवरी को दोपहर 3 बजे तक चलेगा ।
अतिरिक्त कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी (स्थानीय निर्वाचन) श्रीमती रानी बाटड ने बताया कि जिले में नगरीय निकाय और त्रि-स्तरीय पंचायतों की फोटोयुक्त मतदाता सूची के सतत् पुनरीक्षण 2021 के कार्य के अंतर्गत जिले के नगरीय निकाय छिन्दवाड़ा के 225, पांढुर्णा के 56, डोंगर परासिया के 44, सौंसर के 31, दमुआ के 30, जुन्नारदेव के 25 और बिछुआ, चांद, चांदामेटा बुटरिया, न्यूटन चिखली, लोधीखेड़ा, चौरई, अमरवाड़ा, बड़कुही, मोहगांव हवेली, पिपलानारायणवार व हर्रई के 15-15 मतदान केन्द्रों तथा जनपद पंचायत पांढुर्णा की 76, चौरई की 89, छिन्दवाड़ा की 58, तामिया की 53, परासिया की 96, मोहखेड़ की 79, जामई की 95, सौंसर की 63, बिछुआ की 50, अमरवाड़ा की 78 और हर्रई की 69 ग्राम पंचायतों में फोटोयुक्त प्रारूप मतदाता सूची का सार्वजनिक प्रकाशन किया गया । उन्होंने बताया कि तृतीय चरण में रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा आगामी 20 फरवरी तक दावा/आपत्तियों के आवेदन पत्रों का निराकरण कर 23 फरवरी तक निराकृत दावा आपत्ति आवेदन पत्रों की ईआरएमएस में प्रविष्टि की जायेगी और दावे/आपत्ति की चैकलिस्ट तैयार की जायेगी। रजिस्ट्रीकरण अधिकारी 24 फरवरी तक चैकलिस्ट की जॉच कर त्रुटि सुधार के बाद वेंडर को वापस करेंगे और 26 फरवरी तक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और वेंडर फोटोयुक्त और फोटोरहित अंतिम मतदाता सूची जनरेट करेंगे। रजिस्ट्रीकरण अधिकारी 27 फरवरी तक फोटोरहित अंतिम मतदाता सूची को वेबसाईट पर अपलोड करेंगे तथा वेंडर द्वारा फोटोयुक्त अंतिम मतदाता सूची को मुद्रित कर यह सूची 2 मार्च को रजिस्ट्रीकरण अधिकारी को उपलब्ध करायेंगे। रजिस्ट्रीकरण अधिकारी 3 मार्च को फोटोयुक्त अंतिम मतदाता सूची का नगर पालिका वार्ड, ग्राम पंचायत और अन्य विहित स्थानों पर सार्वजनिक प्रकाशन करेंगे। अंतिम मतदाता सूची की फोटोरहित सी.डी. 3 मार्च से विक्रय के लिये उपलब्ध रहेगी तथा रजिस्ट्रीकरण अधिकारी 4 मार्च को फोटोयुक्त अंतिम मतदाता सूची के सार्वजनिक प्रकाशन का प्रमाण पत्र स्केन कर अपलोड करेंगे साथ ही नगरीय निकाय की फोटोयुक्त मतदाता सूची मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय राजनैतिक दलों को नि:शुल्क उपलब्ध करायेंगे।


Comments (0)
Facebook Comments